कांगड़ा पुलिस ने 6 किलो 802 ग्राम चूरा पोस्त के साथ पंजाब के दो नशा तस्कर ट्रक सहित गिरफ्तार
'नशा मुक्त हिमाचल अभियान' के तहत ट्रक से बरामद हुई खेप
मुख्यमंत्री के 'नशा मुक्त हिमाचल अभियान' के तहत कांगड़ा पुलिस जिला देहरा लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस थाना रक्कड़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा पोस्त (पॉपी हस्क) बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय सुखदेव सिंह पुत्र केहर सिंह निवासी गांव अटारी, तहसील एवं जिला अमृतसर (पंजाब) तथा 36 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र हरचंद सिंह निवासी गांव ध्यानपुरा, डाकघर कुराली, तहसील खरड़, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जून को पुलिस थाना रक्कड़ की टीम नियमित गश्त और यातायात जांच पर तैनात थी। इसी दौरान कोलापुर के समीप एक संदिग्ध ट्रक (PB11DF-7976) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने वाहन की नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना रक्कड़ में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जिला देहरा ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति या सूचना साझा करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।